Narendra Modi की फ्रांस यात्रा के समापन पर Emmanuel Macron ने एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर उन्हें अनोखे अंदाज में विदाई दी। राष्ट्रपति मैक्रों ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी को अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है आपका नीस, एवियॉन और पेरिस दौरे के लिए स्वागत करते। फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे।” हिंदी में संदेश देने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह सही था।”

“फ्रांस आपसे प्यार करता है”
मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को बेहद सार्थक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा, “आपकी यात्रा के लिए बहुत धन्यवाद। हमारी दोस्ती के लिए धन्यवाद। यह बहुत ही सार्थक यात्रा रही। फ्रांस आपसे प्यार करता है। हम आपको अगले वर्ष फरवरी में फिर से देखने के लिए उत्सुक हैं। जय हिंद।” मैक्रों का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
दो देशों की यूरोप यात्रा पर थे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी 13 जून को अपनी दो देशों की यूरोप यात्रा के पहले चरण में फ्रांस पहुंचे थे। उन्होंने Nice में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया और कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने Slovakia की ऐतिहासिक यात्रा की। वह स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बने।
भारत-फ्रांस संबंध होंगे और मजबूत
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी ने G7 Summit में भाग लिया, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था। यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर फ्रांस सरकार, राष्ट्रपति मैक्रों और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा संवाद और परिणामों के लिहाज से बेहद सफल रही तथा आने वाले समय में भारत-फ्रांस संबंध और अधिक मजबूत होंगे।








