ओटीटी प्लेटफॉर्म हॉटस्टार पर रिलीज हुई हॉलीवुड सीरीज ‘The Day of the Jackal’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है। भले ही इसकी थीम पुरानी “चूहे और बिल्ली” की दौड़ जैसी लगती हो लेकिन इसकी कहानी और प्रस्तुति ने इसे पूरी तरह नया और रोमांचक बना दिया है। यह सीरीज एक ऐसे हत्यारे की कहानी दिखाती है जो कानून और पुलिस की हर चुनौती को मात देकर अपने मिशन को पूरा करता है। इसी दमदार कहानी के कारण इसे IMDb पर 8.1 की शानदार रेटिंग मिली है। दर्शक इसे लगातार सोशल मीडिया पर भी शेयर कर रहे हैं और इसकी कहानी को बेहद थ्रिलिंग बता रहे हैं।

ब्रिटिश सैनिक से प्रोफेशनल किलर बनने की रहस्यमयी कहानी
इस सीरीज की कहानी ब्रिटिश सेना के एक पूर्व अधिकारी चार्ल्स डगन के इर्द गिर्द घूमती है जिसे एडी रेडमायने ने निभाया है। चार्ल्स एक बेहतरीन स्नाइपर है जो युद्ध के मैदान में अपनी क्षमता साबित कर चुका है। लेकिन सेना छोड़ने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है और वह एक खतरनाक पेशेवर हत्यारे के रूप में सामने आता है। वह दुनिया के ताकतवर और अमीर लोगों के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलिंग करता है और इसके बदले करोड़ों डॉलर कमाता है। उसके जीवन का यह दूसरा चेहरा बेहद खतरनाक और रहस्यमयी है जिसे देखकर दर्शक लगातार कहानी से जुड़े रहते हैं। उसकी असली पहचान और उसकी दोहरी जिंदगी ही इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है।
परिवार और अपराध की दोहरी जिंदगी में उलझा किरदार
चार्ल्स डगन की जिंदगी केवल हत्या और मिशन तक सीमित नहीं है बल्कि उसके पास एक सामान्य पारिवारिक जीवन भी है जिसे वह पूरी तरह अलग रखता है। वह एक खूबसूरत पत्नी, बेटे और ससुराल वालों के साथ समुद्र किनारे एक शांत घर में रहता है। देखने में वह एक सामान्य इंसान लगता है लेकिन असलियत में वह दुनिया के सबसे खतरनाक हत्यारों में से एक है। यही विरोधाभास इस कहानी को और अधिक रोमांचक बनाता है। उसकी निजी जिंदगी और पेशेवर दुनिया के बीच का संघर्ष दर्शकों को लगातार सस्पेंस में रखता है और यही वजह है कि यह सीरीज धीरे धीरे एक ग्लोबल हिट बनती जा रही है।
दमदार कास्ट और क्रिएटिव डायरेक्शन ने बढ़ाई लोकप्रियता
इस सीरीज को रॉनन बेनेट ने डायरेक्ट किया है और इसमें कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई है। उर्शुला कोरबोरो, जो ‘मनी हाइस्ट’ में टोक्यो के किरदार से मशहूर हुई थीं, इसमें चार्ल्स डगन की पत्नी का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा खालिद अब्दुल्लाह और लशाना लिंच जैसे कलाकार भी कहानी में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आते हैं। लशाना लिंच एक मजबूत पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखाई देती हैं जो इस हत्यारे को पकड़ने के मिशन पर होती हैं। लगभग 1.32 लाख से अधिक दर्शकों ने इसे 8.1 की रेटिंग दी है जो इसकी लोकप्रियता और गुणवत्ता को दर्शाता है।







