मुंबई, 6 जुलाई: महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों से सावधान रहने की अपील की गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में 17 NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) और 6 SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमों को तैनात कर दिया गया है।
कहां-कहां तैनात हैं राहत टीमें?
- NDRF: पालघर और नागपुर में 2-2, मुंबई में 4, तथा पुणे, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा, कोल्हापुर, सांगली और धाराशिव में 1-1 टीम तैनात है।
- SDRF: धुले और नागपुर में 2-2, तथा नांदेड़ और गढ़चिरौली में 1-1 टीम मुस्तैद है।
रिकॉर्ड तोड़ बारिश
लोनावाला में अब तक 670 मिमी, ताम्हिणी में 580 मिमी, अंबाना में 537 मिमी और माथेरान में 302 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मुंबई के सांताक्रूज़ में 151.2 मिमी और कोलाबा में 128 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के चलते माथेरान, लोनावाला, खोपोली और लोहागढ़ में भूस्खलन (Landslide) का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिसके चलते इन इलाकों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।
यातायात पर भारी असर - सड़क मार्ग: मुंबई-गोवा हाईवे पर कशेड़ी घाट और पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे (मिसिंग लिंक सहित) पर भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह बंद है। खोपोली में जलभराव से पुराना हाईवे भी ठप है।
- रेल सेवा: मंकी हिल और ठाकुरवाड़ी के बीच हुए भूस्खलन के कारण पुणे-मुंबई रेल मार्ग फिलहाल बंद कर दिया गया है। मार्ग को साफ करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है।
बचाव कार्य जारी - मावल: घोरावड़ी में बाढ़ में फंसी एक बस से 25 लोगों को NDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, पाटन में भूस्खलन से एक घर मलबे में दब गया है, जहां NDRF की टीम बचाव कार्य कर रही है।
- मानखुर्द: मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक जर्जर इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है। यहाँ बचाव और राहत का कार्य जारी है।
प्रशासन की अपील: नागरिकों से अनुरोध है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दी जा रही सूचनाओं का सख्ती से पालन करें।






