…जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ की नागरिकों से अपील
पालघर संवाददाता/खबरदीप
जनमंच के नेटवर्क:31 अगस्त 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पालघर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले की प्रारूप मतदाता सूची सोमवार, 31 अगस्त को जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने पालघर जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना और अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें।
प्रारूप सूची में नाम न होने पर किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। इस सूची में सुधार के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद, सभी आपत्तियों की जांच और सुनवाई 29 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी और 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
प्रारूप सूची अंतिम नहीं है। यदि आपका नाम इसमें छूट गया है या कोई गलती है, तो आपके पास सुधार करवाने का पूरा मौका है।
- सुधार के लिए महत्वपूर्ण तारीखें:
- 31 अगस्त 2026: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
- 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि
- 4 नवंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
मतदाता सूची में इन बातों की जरूर करें जांच
सूची देखते समय केवल अपना नाम ही न देखें, बल्कि इन जानकारियों की भी पूरी जांच कर लें:
- आपका और आपके माता-पिता या पति का नाम सही है या नहीं?
- उम्र, जन्मतिथि और लिंग की जानकारी सही है या नहीं?
- आपका फोटो और घर का पता सही दर्ज है या नहीं?
- मतदाता पहचान पत्र का नंबर (EPIC नंबर) सही है या नहीं?
- आपको जो मतदान केंद्र मिला है, वह सही है या नहीं?
खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों, बाहर रहने वाले विद्यार्थियों या नौकरीपेशा लोगों और जिनके गणना फॉर्म (Enumeration Form) नहीं भरे जा सके थे, उनके परिजनों को सूची में नाम अवश्य चेक करना चाहिए।
नाम नहीं है तो क्या करें?
- नया नाम जोड़ने के लिए: यदि आपका नाम प्रारूप सूची में नहीं है, तो निराश न हों। आप ‘फॉर्म 6’ (Form 6) भरकर नए नाम के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- गलती सुधारने के लिए: नाम, पता, उम्र या फोटो में कोई भी गलती होने पर ‘फॉर्म 8’ (Form 8) भरकर उसे ठीक कराया जा सकता है।
- ASDD श्रेणी के मतदाता: जिन मतदाताओं के नाम पिछली सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत (ASDD) श्रेणी में दर्ज हो गए थे, वे भी इस सूची में अपना नाम दोबारा जरूर जांच लें।
मतदाता सूची कहां देखें?
आप अपनी सूची निम्नलिखित माध्यमों से देख सकते हैं:
- महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर।
- भारत निर्वाचन आयोग के Voters’ Service Portal पर।
- अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करके।
- मतदाता पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय में जाकर।
आवेदन करते समय अपनी पहचान पत्र, उम्र, पते के प्रमाण और वर्ष 2002 की सूची से जुड़े दस्तावेज अपने पास तैयार रखें। अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी जानकारी की जांच कर लें।






