राजस्थान के सीकर स्थित खाटू धाम एक बार फिर हिंसक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है। इस बार गेस्ट हाउस संचालकों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना का करीब ढाई मिनट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

आपसी रंजिश और कर्मचारियों के दलबदल से बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विवाद लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश और कर्मचारियों के दलबदल को लेकर उपजा था। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग गाड़ियों में सवार होकर गेस्ट हाउस परिसर में पहुंचे और हमला कर दिया। इसके बाद गेस्ट हाउस के अंदर जमकर तोड़फोड़ की गई और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। अचानक हुई इस हिंसा से वहां मौजूद लोग भी सहम गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए त्वरित कार्रवाई की और तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।
गेस्ट हाउस सीज, कानून-व्यवस्था पर सख्ती के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए हमलावर पक्ष से जुड़े गेस्ट हाउसों को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।








