पालघर, महाराष्ट्र। जिले में अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस कप्तान यतीश देशमुख ने सख्त रुख अपनाते हुए अपनी कार्यक्षमता का प्रमाण दिया है। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के कड़े निर्देशों के बाद, पालघर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा (LBC) ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर एक व्यापक अभियान चलाकर तंबाकू माफियाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। इस प्रभावी कार्रवाई में 38 लाख 43 हजार 866 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल और तस्करी में प्रयुक्त चार वाहन पुलिस ने जब्त किए हैं।
एक साथ चार थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई
पुलिस कप्तान यतीश देशमुख द्वारा अवैध धंधों को जड़ से उखाड़ने के लिए सभी थाना प्रभारियों को दिए गए स्पष्ट आदेशों के अनुपालन में, 16 जुलाई 2026 को पुलिस की विशेष टीमों ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में हाईवे पर जाल बिछाया। इस संयुक्त ऑपरेशन के तहत जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:
- तलासरी पुलिस थाना: पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक इनोवा कार और एक वैगनआर कार को प्रतिबंधित तंबाकू सामग्री के साथ पकड़ा। पहले मामले में आरोपी यशवंत जयराम सिंह को गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में आरोपी सलीम इस्तियाकअली शाह और आफताब आलम अब्दुल नईम अंसारी को पुलिस ने हिरासत में लिया।
- मनोर पुलिस थाना: पुलिस टीम की आहट मिलते ही एक तस्कर अपनी वैगनआर कार छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
- कासा पुलिस थाना: यहाँ एक मारुति सुजुकी बलेनो कार से तंबाकू की भारी खेप बरामद हुई और आरोपी सुनीलकुमार बेहेरजी गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
एसपी यतीश देशमुख का कड़ा संदेश: “कानून से ऊपर कोई नहीं”
पुलिस कप्तान यतीश देशमुख के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे और संबंधित डिवीजनों के उपविभागीय पुलिस अधिकारियों ने रणनीतिक भूमिका निभाई है। स्थानीय अपराध शाखा के इंस्पेक्टर प्रदीप पाटिल, तलासरी के इंस्पेक्टर अजय गोरड, कासा के इंस्पेक्टर अमर पाटिल और मनोर पुलिस की टीम की तत्परता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पालघर जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।
इस सफल ऑपरेशन के बाद से जिले के अवैध कारोबारियों में भारी खलबली मची है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) की सुरक्षा, इसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा तथा संबंधित पुलिस थाना क्षेत्रों में अवैध तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए यह ‘मिशन क्लीन’ भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेगा।






