व्हाटअप्प ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहाँ क्लिक करे 👉
---Advertisement---

बोईसर में फर्ज़ी आयकर अधिकारी बनकर 55 लाख की लूट

On: Saturday, November 15, 2025 11:01 AM
---Advertisement---

पांच सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार, मुख्य आरोपी से 23.70 लाख बरामद

बोईसर (पालघर), संवाददाता।

बोईसर में फर्जी ‘आयकर अधिकारी’ बनकर एक महिला के घर से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बोईसर पूर्व के मानगांव ग्राम पंचायत क्षेत्र की है, जहां आरोपियों ने रेड का नाटक रचते हुए लगभग ₹55,80,000 रुपये लेकर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, महिला के पति की गैरमौजूदगी का लाभ उठाते हुए गिरोह के सरगना फय्याज काज़ी उर्फ मनीष पावसकर ने अपने साथियों के साथ घर में प्रवेश किया। उन्होंने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया और घर में अवैध नकदी होने का हवाला देकर महिला और बच्चों को डराया-धमकाया। आरोपियों ने महिला का मोबाइल फोन जब्त किया और अलमारी में रखी भारी नकद राशि लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पालघर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, सहायक पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी विकास नाइक के मार्गदर्शन में बोईसर पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपी पकड़ लिए।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मूल रूप से रत्नागिरी जिले के राजापुर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से ₹23,70,000 नकद बरामद किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया है।

पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---