18 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार
पालघर जिले के विक्रमगढ़ क्षेत्र में स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान से हुई सोने की चोरी के मामले का पालघर पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रमगढ़ स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स के मालिक आदिनाथ महादेव कचरे (उम्र 36 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आया और कर्मचारियों की व्यस्तता का लाभ उठाकर कैश काउंटर के नीचे रखे सोने के टॉप्स से भरे प्लास्टिक बैग को चुरा कर फरार हो गया। चोरी किए गए सोने का कुल वजन 148.9 ग्राम तथा अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई गई।
इस संबंध में विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता, 2023 की धारा 305 के अंतर्गत अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक श्री यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन और पालघर की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की संयुक्त जांच टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान मोहम्मद कलाम सलामुद्दीन अंसारी (उम्र 42 वर्ष), निवासी भिवंडी, जिला ठाणे के रूप में की गई। पुलिस ने उसे 24 जनवरी 2026 को रात्रि 12:05 बजे भिवंडी से गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी के पश्चात की गई पूछताछ में उसके द्वारा अपराध किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 101 ग्राम वजन के सोने के 39 जोड़े बरामद कर लिए हैं। माननीय न्यायालय ने आरोपी को 30 जनवरी 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन द्वारा जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध बुलढाणा, ठाणे ग्रामीण, ठाणे शहर, पालघर, मीरा-भायंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय तथा रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी कुल 13 अपराध दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनायक नरले, दहानू डिवीजन की उप-विभागीय पुलिस अधिकारी श्रीमती अंकिता कांसे, पालघर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक श्री प्रदीप पाटिल, विक्रमगढ़ पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सपोनी अजीत गोले सहित एलसीबी एवं विक्रमगढ़ पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
पालघर पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।







