व्हाटअप्प ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहाँ क्लिक करे 👉
---Advertisement---

चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास मां ने मासूम बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, चश्मदीद बना लाचार पति

By Neha
On: Wednesday, March 11, 2026 1:13 PM
चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास मां ने मासूम बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, चश्मदीद बना लाचार पति
---Advertisement---

वाराणसी/जंसा। रिश्तों की डोर और जीवन की जद्दोजहद के बीच सोमवार को जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ऐसी चीख गूंजी, जिसने हर सुनने वाले का कलेजा छलनी कर दिया। एक मां ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर मौत की छलांग लगा दी। देखते ही देखते खुशियों भरा परिवार पल भर में बिखर गया और पीछे छोड़ गया पति की बेबसी और कभी न खत्म होने वाला विलाप।

दवा दिलाने के बहाने निकली थी अनीता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्छीपुर (रामेश्वर) निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी अनीता देवी (22 वर्ष) और तीन वर्षीय पुत्री दर्शना को बाइक से दवा दिलाने के लिए भाऊपुर बाजार ले गए थे। दवा लेने के बाद लौटते समय वे चौखंडी रेलवे स्टेशन के समीप एक मिठाई की दुकान पर रुके। वहां पानी पीने के बाद अनीता ने पति से कहा कि उसे पास ही अपनी एक सहेली से मिलने जंसा जाना है।

सेकंडों में घट गई अनहोनी

अजीत अभी पत्नी की बात समझ ही रहे थे कि तभी वाराणसी से भदोही की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस को आते देख अनीता अपनी बेटी को लेकर पटरियों की ओर दौड़ पड़ी। इससे पहले कि अजीत कुछ कर पाते या वहां मौजूद लोग उन्हें रोक पाते, मां-बेटी ट्रेन की चपेट में आ गए। अपनी आंखों के सामने अपनी दुनिया उजड़ते देख अजीत बेसुध होकर वहीं गिर पड़े।

मौके पर मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी जीआरपी

हादसे के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक और भदोही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही सत्तनपुर (मायका) और लक्ष्छीपुर से भारी संख्या में परिजन मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पेशा और पारिवारिक पृष्ठभूमि

परिजनों ने बताया कि अजीत दूसरे राज्य में वेल्डिंग का काम करता है और लगभग दो महीने पहले ही घर लौटा था। आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी या मानसिक तनाव था कि अनीता ने इतना आत्मघाती कदम उठाया, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

खबरदीप जनमंच का विशेष संदेश

 यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। पारिवारिक कलह, मानसिक अवसाद या कोई भी समस्या जीवन से बड़ी नहीं होती। आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आपके आसपास कोई तनाव में है, तो उससे संवाद करें और विशेषज्ञों की मदद लें। छोटी सी संवेदनशीलता किसी का संसार उजड़ने से बचा सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---