किसान हित में नियोजनबद्ध विकास को मिलेगा बल
… पालकमंत्री गणेश नाइक
पालघर, दि. 26 जनवरी :
किसानों, व्यापारियों तथा कृषि उपज मंडी से जुड़े सभी घटकों को न्याय दिलाने वाली, आधुनिक कृषि उपज मंडी की नई इमारत किसान हित में नियोजनबद्ध विकास का माध्यम बनेगी, ऐसा प्रतिपादन वनमंत्री एवं पालघर जिले के पालकमंत्री श्री गणेश नाइक ने किया।
वनमंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री श्री गणेश नाइक के करकमलों से नंडोरे नाका स्थित कृषि उपज मंडी की नई कार्यालय इमारत का भूमिपूजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक श्री राजेंद्र गावित, विधायक श्रीमती स्नेहा दुबे-पंडित, नगराध्यक्ष श्री उत्तम घरत, पुलिस अधीक्षक श्री यतिश देशमुख, कृषि उपज मंडी के सभापति श्री पुरुषोत्तम पाटील, उपनगराध्यक्ष श्री राजेंद्र आत्माराम पाटील, उपसभापति श्री उत्तम मधुकर पाटील, जिला उपनिबंधक श्री शिरीष कुलकर्णी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं व्यापारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालकमंत्री श्री गणेश नाइक ने कहा कि कृषि उपज मंडी की भूमि न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से विधिसम्मत रूप से समिति के अधिकार में आई है। अब इस भूमि पर किसानों एवं व्यापारियों के हित में पारदर्शी, सशक्त और कार्यक्षम बाजार व्यवस्था विकसित करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला उपनिबंधक को निर्देश दिए कि गोडाउन, दुकानें तथा किसानों और व्यापारियों के लिए आवश्यक सभी सुविधाओं से युक्त आधुनिक इमारत का निर्माण किया जाए।
पालकमंत्री श्री नाइक ने स्पष्ट किया कि वे जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर कार्य करते हैं। “चेहरा नहीं, काम महत्वपूर्ण है,” यह दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से किसी भी समस्या को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में प्रत्येक समाज का विकास अधिकारपूर्वक और आत्मविश्वास के साथ हो, यही शासन की स्पष्ट भूमिका है।
“किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलना ही एपीएमसी का मूल उद्देश्य है,” इस बात को उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया।
पालघर जिले में प्रस्तावित वधावन बंदरगाह, हरित विकास परियोजनाएं तथा जिला नियोजन एवं विकास आराखड़े के माध्यम से आने वाले समय में व्यापक परिवर्तन होगा और “एक भी किसान या व्यापारी वंचित नहीं रहेगा,” ऐसा विश्वास पालकमंत्री श्री गणेश नाइक ने व्यक्त किया।
भूमिपूजन के इस अवसर से पालघर की कृषि बाजार व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है तथा यह किसान-केंद्रित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा, ऐसा भी उन्होंने कहा।
इस अवसर पर बोईसर स्थित स्वारोग्य क्लिनिक का उद्घाटन भी पालकमंत्री श्री गणेश नाइक के हस्ते संपन्न हुआ।







