पालघर | 31 दिसंबर
नए वर्ष की पूर्व संध्या पर पालघर जिले की जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़ ने आदिवासी विद्यार्थियों के साथ नए वर्ष की शुरुआत करते हुए शिक्षा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाने का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष क्रैश कोर्स का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देकर उनका मनोबल बढ़ाया।
यह शैक्षणिक पहल आकांक्षित तालुका कार्यक्रम के अंतर्गत एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना, जव्हार की परियोजना अधिकारी डॉ. अपूर्वा बासुर की संकल्पना से शुरू की गई है। यह क्रैश कोर्स मोखाड़ा तालुका स्थित शासकीय माध्यमिक आश्रम शाला, पलसुंदे में आयोजित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को सुदृढ़ करना तथा उन्हें व्यावसायिक और उच्च शिक्षा के लिए सक्षम बनाना है।
इस विशेष क्रैश कोर्स में दाभेरी, देहरे, विनवळ, न्याहाळे सहित कुल नौ आश्रम शालाओं के कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के लगभग 350 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों को यहाँ गहन अध्ययन, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़ ने कहा कि इस क्रैश कोर्स का अधिकतम लाभ उठाकर निरंतर अध्ययन करें और बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन का लक्ष्य रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले शैक्षणिक वर्षों में इस पहल को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिससे आदिवासी क्षेत्रों से अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी उभरकर सामने आएंगे।
डॉ. जाखड़ ने यह भी घोषणा की कि नीट (NEET) परीक्षा की विशेष तैयारी की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए ‘सुपर थर्टी’ बैच शुरू किया जाएगा, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को विशेष कोचिंग और व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अभी से लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध अध्ययन शुरू करने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक उपक्रमों की सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन पर निर्भर करती है, और ऐसे प्रयास आदिवासी विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने नए वर्ष में पालघर जिले के सभी विद्यार्थियों के शैक्षणिक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने का विश्वास भी व्यक्त किया।






