बोईसर (पालघर): तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘विराज प्रोफाइल्स’ कंपनी के प्रस्तावित विस्तार और नियमितीकरण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में विराज प्रोफाइल विरोधी समिति और राजनीतिक दलों ने चेतावनी दी कि क्षेत्र के अस्तित्व से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विरोध के मुख्य कारण
- प्रदूषण का कहर: ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के कारण भूजल दूषित हो चुका है और लोगों में श्वसन व त्वचा संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं।
- रोजगार में अनदेखी: स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय मौजूदा कर्मचारियों की छंटनी से भारी असंतोष है।
- सुरक्षा संकट: भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रस्तावित जनसुनवाई से पहले पूरे क्षेत्र का हेल्थ ऑडिट कराया जाए और जिला स्तर के अधिकारी स्वयं ETP (सांडपानी शोधन संयंत्र) की जांच करें। इस निरीक्षण प्रक्रिया में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने की मांग की गई है।
प्रशासन द्वारा जनसुनवाई रद्द न किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब इस लड़ाई को सड़क से लेकर न्यायालय तक ले जाने का ऐलान किया है। फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और आंदोलन के और तेज होने के आसार हैं।
बोईसर से पराग यादव की रिपोर्ट








