पालघर, बोर्डी | 8 जनवरी 2026
बोर्डी क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर द्वारा जैन मंदिर में चोरी की गंभीर घटना सामने आई है। बोर्डी के जैन मणिभद्र मंदिर में भगवान की मूर्ति पर लगी चांदी की छतरी तथा नकदी से भरी दानपेटी चोरी कर ली गई। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में तीव्र रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चोरी 7 जनवरी की रात से 8 जनवरी की तड़के के बीच की अवधि में हुई। अज्ञात चोर ने मंदिर के बंद दरवाजे का ताला किसी औजार की सहायता से तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया। इसके पश्चात भगवान की मूर्ति पर स्थापित लगभग 200 ग्राम वजन की चांदी की छतरी तथा लोहे की दानपेटी चोरी कर ली गई।
इस प्रकरण में मंदिर ट्रस्ट की ओर से नरेश भवरलाल काकड़िया ने घोलवड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर घोलवड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया गया है तथा आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी गई है। साथ ही संदिग्धों की तलाश जारी है।
घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।







