Bihar News: छपरा विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध गौतम ऋषि स्थान (गौतम स्थान, सारण) को प्रस्तावित ‘रामायण सर्किट’ से जोड़ने की मांग अब तेजी से उठने लगी है। इस दिशा में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने अपने पति और जिला महासचिव धर्मेंद्र कुमार साह के साथ पटना में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात में क्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को विस्तार से रखा गया और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की अपील की गई।

हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर की मंजूरी पर जताया आभार
बैठक के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री का शॉल और बुके देकर स्वागत किया और हाल ही में हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर को वाराणसी मॉडल पर विकसित करने की कैबिनेट मंजूरी के लिए आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा में बहुमत परीक्षण सफल होने पर भी मुख्यमंत्री को बधाई दी। यह मुलाकात पूरी तरह विकास और धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान पर केंद्रित रही, जिसमें क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई।
गौतम ऋषि स्थान को रामायण सर्किट में शामिल करने पर जोर
विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए विशेष रूप से गौतम ऋषि स्थान को ‘रामायण सर्किट’ में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि यह स्थल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि इसका गहरा संबंध भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों से भी जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसी स्थान पर भगवान राम ने माता अहिल्या का उद्धार किया था, जिसका उल्लेख वाल्मीकि रामायण और रामचरितमानस जैसे ग्रंथों में मिलता है।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
विधायक ने यह भी बताया कि क्षेत्र में स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम और हनुमान जी का ननिहाल जैसे पौराणिक स्थल भी सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र रहे हैं। लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण इनका समुचित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने आग्रह किया कि इन सभी स्थलों को रामायण सर्किट योजना में शामिल कर आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सड़क संपर्क, यात्री आवास और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाए। मुख्यमंत्री ने इस मांग को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिससे क्षेत्रीय विकास और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








