पालघर संवाददाता/ खबरदीप जनमंच नेटवर्क:
अनुदानित आश्रम स्कूल मासवण (तालुका और जिला पालघर) के पहली कक्षा के छात्र कुमार श्रीियांश शैलेश आंबात का 24 अगस्त 2026 को दुखद निधन हो गया है. छात्र को 22 अगस्त 2026 को बुखार आने पर मासवण के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया था. इसके बाद 24 तारीख को पुनः बुखार आने पर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य अधिकारी ने ऑक्सीजन की कमी के चलते रुग्णवाहिका (एम्बुलेंस) से ग्रामीण अस्पताल मनोर जाने की सलाह दी थी. मनोर के वैद्यकीय अधिकारी ने छात्र का ईसीजी करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा शवविच्छेदन
(पोस्टमार्टम) रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगा.
मासवण आश्रम स्कूल में कुल 449 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनमें 222 लड़के और 227 लड़कियां शामिल हैं, और इनमें से 395 छात्र निवासी (हॉस्टल में) हैं. इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रकल्प अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी और तालुका स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल स्कूल का दौरा किया तथा छात्रों के स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए.
प्रशासनिक सतर्कता और वर्तमान स्थिति
घटना के बाद तालुका आश्रम स्कूल पथक द्वारा स्कूल की पूर्ण जांच की गई है. जिन विद्यार्थियों में सर्दी, ताप और खांसी जैसे लक्षण पाए गए, उन्हें एहतियात के तौर पर चिकित्सा तालुका जांच पथक की सलाह के अनुसार मासवण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी के तहत रखा गया है. वर्तमान में २६ विद्यार्थी प्राथमिक आरोग्य केंद्र मासवण में निरीक्षणाखाली हैं और इन सभी बच्चों की प्रकृति स्थिर है.
प्रकल्प अधिकारियों ने की पालकों से चर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एकात्मिक आदिवासी विकास प्रकल्प डहाणू के प्रकल्प अधिकारी, श्री विशाल खत्री (भा.प्र.से.) ने तत्काल स्कूल और प्राथमिक आरोग्य केंद्र का दौरा किया. उन्होंने निरीक्षणाखाली मौजूद विद्यार्थियों और उनके पालकों के साथ
प्रत्यक्ष चर्चा की.
श्री खत्री ने जानकारी दी कि जिला आरोग्य अधिकारी के मार्गदर्शन में मासवण आश्रमशाळा में दोबारा स्वास्थ्य जांच कराई गई है. इसके साथ ही, परिसर की स्वच्छता और पानी के शुद्धिकरण के लिए आवश्यक उपाय संबंधित संस्था द्वारा करवाए जा रहे हैं. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की दुर्दैवी घटनाओं की पुनरावृत्ति टालने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी.






