भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के बीच भारतीय जनता पार्टी की विधायक मैथिली ठाकुर ने महागठबंधन और अपने राजनीतिक विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नाम से झूठे, मनगढ़ंत और भ्रामक बयान फैलाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने दावा किया कि कुछ राजनीतिक दल और विरोधी फर्जी पोस्टर तथा फर्जी बयानबाजी के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
आधिकारिक सोशल मीडिया पर ही करें भरोसा
मैथिली ठाकुर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके किसी भी बयान पर तभी विश्वास किया जाए जब वह उनके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वयं बोलते हुए दिखाई दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी तस्वीर के साथ लिखी गई किसी भी बात को उनका आधिकारिक बयान न माना जाए। विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
भरत तिवारी मामले पर रखी स्पष्ट राय
भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण पर अपनी राय रखते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि भारत में कानून सर्वोपरि है और किसी को भी कानून से ऊपर जाकर काम करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आत्मसमर्पण कर चुका हो तो उसके साथ कानून के मुताबिक व्यवहार किया जाना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जा सकती।
कानून से ऊपर जाकर कार्रवाई करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
मैथिली ठाकुर ने कहा कि यदि कोई पुलिस अधिकारी या अन्य व्यक्ति अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए कानून से ऊपर जाकर कार्य करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सत्य, न्याय और कानून के शासन पर आधारित है, जबकि कुछ लोग झूठ और भ्रम फैलाकर समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। विधायक ने जनता से अफवाहों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की।








