मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 18 वर्षीय ख्याति जैन की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। घटना को 25 दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। इस देरी से परिजन बेहद परेशान हैं और न्याय की मांग को लेकर लगातार पुलिस और प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। ख्याति की मां वर्षा जैन का कहना है कि उनकी बेटी एक होनहार छात्रा थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। लेकिन उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

मोबाइल चैट और व्यवहार में विरोधाभास से गहराया शक
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल ख्याति के व्यवहार और उसके मोबाइल से मिले कथित संदेशों के बीच का विरोधाभास है। जहां एक ओर उसके कमरे में लिखे नोट्स और दीवारों पर मां के लिए समर्पण और भविष्य के सपने दिखाई देते हैं वहीं दूसरी ओर मोबाइल चैट में आत्महत्या से जुड़े संदेश सामने आए हैं। कथित संदेशों में लिखा गया है “मां आपने मेरी जान ले ही ली” और अन्य चैट में घरेलू विवाद और ‘बैड टच’ जैसी घटनाओं का जिक्र किया गया है। परिजन इस विरोधाभास को साजिश का हिस्सा बता रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि ख्याति ऐसा नहीं लिख सकती थी।
दोस्त तनिष चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप और फ्लैट में मौजूदगी का सवाल
परिजनों ने ख्याति के दोस्त तनिष चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां वर्षा जैन का कहना है कि वह इस दोस्ती के खिलाफ थीं और घटना के दिन तनिष फ्लैट पर मौजूद था। आरोप है कि वह लगभग तीन घंटे तक फ्लैट में रहा लेकिन अगर कोई अनहोनी हुई तो उसने तुरंत पुलिस या मकान मालिक को सूचना क्यों नहीं दी। परिवार का यह भी दावा है कि घटना के बाद वह लगातार फोन कर रहा था और उसका व्यवहार संदिग्ध लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज में उसे हेलमेट पहने हुए फ्लैट से जाते और फिर लौटते हुए देखा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जहरीले तरल पदार्थ से बढ़ा रहस्य
ख्याति की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। रिपोर्ट में उसके पेट के अंदर लगभग 100 मिलीलीटर ग्रे रंग का तरल पदार्थ पाया गया है। इस खोज के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या उसे किसी रासायनिक या नशीले पदार्थ का सेवन कराया गया था। पुलिस का कहना है कि इसकी असली प्रकृति का खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगा। परिजन इसे संभावित साजिश का हिस्सा मान रहे हैं और जांच में देरी पर सवाल उठा रहे हैं। अब सभी की नजरें विसरा रिपोर्ट पर टिकी हैं जिससे इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।








