गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब 10 स्कॉर्पियो कारों में सवार युवकों के एक ग्रुप ने फिल्मी अंदाज में खतरनाक स्टंट शुरू कर दिए। घटना सोमनाथ महादेव मंदिर के मैदान की है, जहां बिना किसी अनुमति के ये वाहन तेजी से खेत में घुस गए और ‘जीरो टर्न’ जैसे खतरनाक करतब करने लगे। कुछ ही मिनटों में पूरा मैदान धूल के गुबार से भर गया, जिससे दृश्य पूरी तरह भयावह हो गया।

टूरिस्ट और बच्चे घबराकर भागे, रील बनाने का शक
इस खतरनाक स्टंट को देखकर मौके पर मौजूद टूरिस्ट और बच्चे डर गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ये पूरा स्टंट सोशल मीडिया पर रील बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा था। युवकों के पास कैमरे और मोबाइल भी थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वे सिर्फ फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए सार्वजनिक स्थान पर जोखिम भरा प्रदर्शन कर रहे थे। इस हरकत ने वहां मौजूद लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों पैदा कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वाहन जब्त कर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बिलिमोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से कुछ स्कॉर्पियो वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि स्टंट करने वाले युवक मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी गई है, ताकि दोषियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
रीलबाजों पर सख्त संदेश, एक साल में 150 से ज्यादा मामले
नवसारी जिले में पिछले एक साल में खतरनाक ड्राइविंग और स्टंट से जुड़े लगभग 150 से 200 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक मामले नवसारी टाउन, विजलपोर और बिलिमोरा क्षेत्र से सामने आए हैं। पुलिस और हाईवे विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जान जोखिम में डालने वाले स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।





