व्हाटअप्प ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहाँ क्लिक करे 👉
---Advertisement---

सावधान! मनोर में फर्जी पुलिसकर्मी सक्रिय; झांसा देकर बुजुर्ग से लूटी सोने की चेन, शातिर ठग गिरफ्तार

By Neha
On: Tuesday, April 21, 2026 3:39 PM
सावधान! मनोर में फर्जी पुलिसकर्मी सक्रिय; झांसा देकर बुजुर्ग से लूटी सोने की चेन, शातिर ठग गिरफ्तार
---Advertisement---

खबरदीप जनमंच मनोर (पालघर)

पालघर जिले के मनोर में खाकी की आड़ लेकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। खुद को पुलिसकर्मी बताकर ठगी करने वाले इस गिरोह ने मनोर में एक बुजुर्ग को ‘जुर्माने’ का डर दिखाकर लाखों के जेवर पार कर दिए थे। हालांकि, पालघर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है।

वारदात: “आगे बदमाशों का आतंक है, जेवर उतारकर थैली में रख लो”

जानकारी के अनुसार, मनोर निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग दामोदर काशिनाथ चाफेकर 15 अप्रैल को बाजार से घर लौट रहे थे। विट्ठल मंदिर के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने बुजुर्ग को डराया कि

आगे चेकिंग चल रही है, आप इतने गहने पहनकर क्यों घूम रहे हैं? आप पर 5 हजार का जुर्माना लगेगा।”

बुजुर्ग को झांसे में लेकर आरोपियों ने उनकी सोने की चेन और अंगूठी उतरवाई। मदद करने के बहाने उन्होंने गहनों को एक कागज में लपेटा और ‘हाथ की सफाई’ दिखाते हुए असली जेवर पार कर दिए। बुजुर्ग को कागज का जो पुड़ा थमाया गया, उसमें सिर्फ रद्दी थी। घर पहुंचने पर बुजुर्ग को अहसास हुआ कि उनके साथ 1,45,000/- रुपये की ठगी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई: सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

घटना की शिकायत दर्ज होते ही पालघर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में मनोर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जायेद आबेद जाफरी (38) निवासी आंबिवली (कल्याण) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद हो गई।

अंतर्राज्यीय अपराधी निकला आरोपी

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी जाफरी बेहद शातिर है। उसने न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली (सिलवासा) में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी फिलहाल 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में है, और पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

> अलर्ट: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
> आई-कार्ड मांगें: यदि कोई सादे कपड़ों में खुद को पुलिस बताए, तो तुरंत उसका पहचान पत्र मांगें।
> झांसे में न आएं: असली पुलिसकर्मी कभी भी सड़क पर राहगीरों से उनके कीमती सामान उतारने को नहीं कहते।
> भीड़ वाले स्थान पर जाएं: यदि कोई डराने की कोशिश करे, तो तुरंत शोर मचाएं या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
>
सराहनीय सफलता:
इस ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी विकास नाईक के कुशल नेतृत्व में मनोर पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---