विशेष चेतावनी: गैस की
कालाबाजारी या व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

खबरदीप जनमंच | पालघर वैश्विक स्तर पर उपजी युद्धजन्य परिस्थितियों के बीच घरेलू एलपीजी (LPG) गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर पालघर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे भ्रामक खबरों पर विश्वास कर घबराएं नहीं।
जमाखोरी पर प्रशासन की पैनी नजर जिलाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। यदि कोई व्यक्ति या संस्थान इसका व्यावसायिक या अनधिकृत उपयोग करते पाया गया, तो प्रशासन उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करेगा। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अनावश्यक रूप से सिलेंडर का स्टॉक न करें, ताकि आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित न हो।
बुकिंग के लिए 25 दिनों का नियम अनिवार्य पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और तेल विपणन कंपनियों (BPCL, HPCL) के नियमों का हवाला देते हुए प्रशासन ने बताया कि:
- दो सिलेंडर की बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिनों का अंतराल होना अनिवार्य है।
- एक सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग स्वीकार की जाएगी।
- गैस वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को अविलंब सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अत्यावश्यक सेवाओं के लिए निर्बाध आपूर्ति प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि अस्पताल, आश्रमशाला और मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगी। इसमें कोताही बरतने वाले वितरकों पर भी गाज गिरनी तय है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी > यदि किसी उपभोक्ता को बुकिंग या वितरण में तकनीकी समस्या आती है, तो वे सीधे गैस एजेंसी से संपर्क करें। इसके अलावा, जिला प्रशासन ने त्वरित समाधान हेतु दो संपर्क नंबर जारी किए हैं:
- फोन नंबर: 02525-297474
- व्हाट्सएप: 8983456947
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने सभी जिलेवासियों से संयम बरतने और नियमित रूप से गैस का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया है।








