व्हाटअप्प ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहाँ क्लिक करे 👉
---Advertisement---

आदिवासी मांगों को लेकर चारोटी–पालघर पदयात्रा मोर्चा; कानून-व्यवस्था एवं यातायात सुचारू रखने हेतु प्रशासनिक अधिसूचना जारी |

On: Tuesday, January 20, 2026 10:03 PM
---Advertisement---

दिनांक : 20 जनवरी 2026
स्थान : पालघर, महाराष्ट्र

आदिवासी समाज की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के विधायक श्री विनोद निकोले की अध्यक्षता में चारोटी से पालघर तक पदयात्रा के रूप में आदिवासी मोर्चा आयोजित किया गया है। यह पदयात्रा 19 जनवरी 2026 को प्रातः 11.00 बजे दाहाणू तालुका के चारोटी क्षेत्र से प्रारंभ होकर 20 जनवरी 2026 को पालघर जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल पहुंचने वाली है।

उक्त पदयात्रा मोर्चे के दौरान संभावित यातायात जाम, मोर्चे में वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी स्थिति की रोकथाम के उद्देश्य से माननीय जिला कलेक्टर, पालघर द्वारा अधिसूचना क्रमांक गृह/का.1/ते.4/वासु/पालघर/एसआर-04/26 दिनांक 16 जनवरी 2026 मराठी भाषा में जारी की गई है।

अधिसूचना के अनुसार, गुजरात राज्य की ओर से महाराष्ट्र में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के हल्के एवं भारी वाहनों का अच्छड़ नाका से पालघर, घोड़बंदर, ठाणे, मुंबई एवं नवी मुंबई की दिशा में प्रवेश अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही, ऐसे वाहनों को अच्छड़ से अंबोली के बीच स्थित होटल, ढाबों, पेट्रोल पंपों तथा चिन्हित सुरक्षित पार्किंग स्थलों पर अस्थायी रूप से पार्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त अधिसूचना को व्यापक जनसूचना के उद्देश्य से पालघर जिला पुलिस बल द्वारा मराठी भाषा में प्रकाशित किया गया है। इसके अतिरिक्त, अधिसूचना की एक प्रति गुजरात राज्य के वलसाड जिला पुलिस प्रशासन को भी सूचनार्थ उपलब्ध कराई गई, ताकि गुजरात राज्य से महाराष्ट्र की ओर आने वाले वाहन चालकों को समय रहते आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके।

वलसाड जिला पुलिस प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर गुजराती भाषा में बैनर, पोस्टर एवं सोशल मीडिया सामग्री के माध्यम से यातायात नियंत्रण संबंधी सूचना का प्रचार-प्रसार किया गया है। इसके अंतर्गत मुंबई–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 48 पर वलसाड जिले के विभिन्न स्थानों तथा महाराष्ट्र–गुजरात सीमा स्थित अच्छड़ क्षेत्र में गुजराती भाषा में सूचना बैनर लगाए गए हैं।

इस संदर्भ में यह स्पष्ट किया जाता है कि पालघर जिला पुलिस प्रशासन द्वारा गुजराती भाषा में पृथक रूप से कोई अधिसूचना या बैनर प्रकाशित नहीं किया गया है, जबकि गुजरात राज्य के वलसाड पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप गुजराती भाषा में सूचना सामग्री प्रदर्शित की गई है।

पालघर जिला प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एवं वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं। आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा सहयोग प्रदान करें।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---