राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक खबरदीप जनमंच
🚨 दिनांक 4 नवंबर 2025 पालघर संस्करण
गुप्त सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
पालघर (डहाणू प्रतिनिधि):
पालघर जिले के डहाणू वन विभाग ने वन संपदा पर बुरी नजर डालने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर डहाणू वन परिक्षेत्र के उधवा व धानिवरी पथक ने दापचरी क्षेत्र में छापा मारकर अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी का विशाल भंडार पकड़ा है, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
वनपाल योगेश कुलकर्णी (सिलोंडा) और विजय पाटील (धानिवरी) को यह गुप्त जानकारी मिली थी कि मुंबई–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट दापचरी दुग्ध प्रकल्प के आसपास अवैध रूप से खैर वृक्षों की कटाई कर लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही दोनों अधिकारियों ने अपनी टीम के साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान टीम को तीन पिकअप वाहनों के बराबर खैर लकड़ी का अवैध साठा मिला। जब्त की गई लकड़ी को डहाणू वन परिक्षेत्र कासा अंतर्गत सरकारी लकड़ी बिक्री केंद्र भराड में सुरक्षित जमा किया गया है।
इस प्रकरण की जांच जारी है कि यह लकड़ी किन लोगों द्वारा काटी गई और कहां से लाई गई थी।
इस सफल कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सागर आरडेकर, वनपाल विजय पाटील, योगेश कुलकर्णी, मोडगांव वनपाल विक्रांत सोनावने, तथा वनरक्षक संजू भुसारा, सुनील पवार, प्रवीण व दिनेश वाळू, किरण विल्हात, गुरुनाथ गांगोडे, राजेश बोबा, भिवा दळवी, लक्षी गोरखाना, लक्ष्मण थोरात, बंधु पराड लक्ष्मण दळवी, कान्हा वेडगा और राजेश घरत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध वृक्ष काटने वालों में हड़कंप मच गया है। विभाग की सतर्कता और तत्परता की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। यह कदम वन संपदा की सुरक्षा के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है।






